बी.डी. कॉलेज, पटना में गांधी फेलोशिप प्री-प्लेसमेंट टॉक आयोजित
बी.डी. कॉलेज, पटना में गांधी फेलोशिप प्री-प्लेसमेंट टॉक आयोजित
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
पटना - बी.डी. कॉलेज, पटना में गांधी फेलोशिप के सहयोग से एक प्रेरणादायक प्री-प्लेसमेंट टॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर विकल्पों, स्किल डेवलपमेंट, फेलोशिप अवसरों एवं भविष्य की तैयारी के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की थीम युवा सशक्तिकरण रही। यह आयोजन कॉलेज के सेमिनार हॉल में हुआ जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज भविष्य में भी छात्रों के लिए ऐसे अवसर उपलब्ध कराता रहेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इसके बाद कार्यक्रम में डॉ. नुज़हत नाज़नीं की भी विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को फेलोशिप के महत्व पर प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि आज के समय में केवल डिग्री नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता,व्यवहारिक ज्ञान और सामाजिक अनुभव भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को गांधी फेलोशिप जैसे अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद अली, जो कि पटलीपुत्र विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट हेड एवं प्लेसमेंट सेल कोऑर्डिनेटर हैं, ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। डॉ. अली स्वयं पूर्व गांधी फेलो रह चुके हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार गांधी फेलोशिप युवाओं को नेतृत्व, मैनेजमेंट और सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है। उनके अनुभवों से विद्यार्थियों को करियर और व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण सीख मिली।
कार्यक्रम में गांधी फेलोशिप प्रतिनिधि नासिर हसन ने भी छात्रों से संवाद किया तथा फेलोशिप की चयन प्रक्रिया, आवेदन प्रक्रिया एवं भविष्य की संभावनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक गांधीवादी प्रेम जी ने बताया कि गाँधी आज पूरी दुनिया मे प्रसांगिक है । इस कार्यक्रम को सफल बनाने में बी.डी. कॉलेज के प्लेसमेंट सेल एवं कॉलेज प्रशासन की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर कॉलेज के एनएसएस के प्रोग्राम ऑफिसर विशाल विजय की भी विशेष उपस्थिति रही। साथ ही प्लेसमेंट सेल से जुड़े प्रोफेसर एवं सदस्य डॉ. सीमा कुमारी, डॉ. सुधीर कुमार, सचिन राज तथा रितिका कुमारी ने आयोजन के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सुधीर कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने अतिथियों, कॉलेज प्रशासन, गांधी फेलोशिप टीम और सभी विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुआ, जिससे उन्हें करियर निर्माण, प्लेसमेंट तैयारी और फेलोशिप अवसरों को समझने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें