अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति का 6 जून को राजस्तरीय अधिवक्ता सम्मेलन जज एवं विधि मंत्री होंगे शामिल
अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति का 6 जून को राजस्तरीय अधिवक्ता सम्मेलन जज एवं विधि मंत्री होंगे शामिल
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
पटना।अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति के तत्वावधान में आगामी 6 जून को एक भव्य राजस्तरीय अधिवक्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन अधिवक्ताओं के अधिकार, सम्मान एवं कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति अजीत कुमार द्वारा किया जाएगा।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रणविजय सिंह ने बिहार सरकार के विधि मंत्री संजय सिंह टाईगर से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण-पत्र सौंपा। इस अवसर पर संगठन मंत्री डॉ. अमित कुमार भी उपस्थित रहे।
मौके पर रणविजय सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं की आवाज़ को सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास है। सम्मेलन में अधिवक्ता हितों की रक्षा, न्यायिक व्यवस्था में अधिवक्ताओं की भूमिका, युवा अधिवक्ताओं की चुनौतियाँ एवं उनके कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संघर्षों, समर्पण एवं संगठन निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा पर आधारित पुस्तक "मोमबत्ती से मशाल तक" का भव्य विमोचन भी किया जाएगा। यह पुस्तक संघर्ष से सफलता तक की प्रेरणादायी गाथा को दर्शाती है, जो अधिवक्ता समाज के लिए नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगी।
श्री सिंह ने राज्यभर के अधिवक्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अधिवक्ता एकता एवं अधिकारों की इस मुहिम को मजबूत बनाने की अपील की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें