पटना में भाजपा नेता और बड़े कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या, आधी रात को अपार्टमेंट के गेट पर गोली मारकर भागे बदमाश
*पटना में भाजपा नेता और बड़े कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या, आधी रात को अपार्टमेंट के गेट पर गोली मारकर भागे बदमाश
*
पटना में बीते रात बिहार के बड़े कारोबारी और भाजपा नेता गोपाल खेमका की हत्या कर दी गयी. अपार्टमेंट के गेट पर बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर भाग गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है. राजधानी पटना के पनास होटल के पास स्थित उनके अपार्टमेंट के गेट पर ही अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया. रात 11.30 बजे के करीब गोपाल खेमका अपनी गाड़ी से अपार्टमेंट के गेट पर पहुंचे ही थे कि घात लगाए अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए. पटना के वरीय आरक्षी अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने गोपाल खेमका के गोली मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि खेमका को घर के पास गोली मारी गई है. इस मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है. वहीं DGP विनय कुमार ने इस मामले में STF को अपराधियों को ढूंढ निकालने की जिम्मेदारी दी है.
गोपाल खेमका शहर के एक बड़े बिजनसमैन के रूप में जाने जाते थे. पटना में पनास होटल के पास अपार्टमेंट कटारूका निवास में वो रहते थे. शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब से अकेले ही अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वो अपार्टमेंट के गेट पर पहुंचकर अपनी गाड़ी से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी. गोली लगने के बाद गोपाल खेमका की मौत मौके पर ही हो गयी. इधर, घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें कंकड़बाग के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया. गोपाल खेमका पटना के एक बड़े कारोबारी के रूप में जाने जाते थे. हेल्थकेयर, जनरल बिजनस से वो जुड़े रहे. साथ ही कॉर्पोरेट संचालन में भी वो योगदान देते थे. राजेंद्र नगर स्थित मगध अस्पताल के वो मालिक भी थे.
सनद रहे कि अपराधियों की गोली से मौत को गले लगाने वाले गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी हत्या 7 साल पहले साल 2018 में कर दी गयी थी. अपराधियों ने गुंजन खेमका को भी गोली मारकर ही उनकी जान ली थी. वर्ष 2018 में हाजीपुर इंडस्ट्रीयल एरिया में उनके बेटे गुंजन खेमका की भी हत्या कुछ ऐसे ही कर दी गयी थी, जैसे शुक्रवार को पटना में गोपाल खेमका की हत्या हुई. हाजीपुर में औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित गोपाल खेमका की कॉटन फैक्ट्री के गेट पर अपराधियों ने गुंजन की हत्या की थी.
2018 की उस घटना की याद फिर एकबार ताजा हुई है. जब गुंजन खेमका अपनी गाड़ी से फैक्ट्री पहुंचे थे. उनके ड्राइवर मनोज रविदास ने तब घटना के बारे में बताया था कि दोपहर 12 बजे के करीब उस दिन जब गाड़ी से गुंजन खेमका फैक्ट्री गेट पर पहुंचे तो गार्ड गेट खोलने बाहर आया. जैसे ही गार्ड ने गेट खोला, घात लगाए हमलावरों ने कार की खिड़की से ही पिस्टल सटाकर ताबड़तोड़ गोली चला दी. गोपाल खेमका का बेटा गुंजन खेमका गाड़ी की अगली सीट पर तब बैठा था. शीशा चढ़ा हुआ था. इसके बावजूद उनके सिर और सीने के पास कई गोलियां लगी थी. अपराधी पिस्टल लहराते हुए बाइक से फरार हो गए थे. इस केस में पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार भी किया था. लेकिन हत्या के कारणों का खुलासा अभी सात साल बाद तक भी नहीं हो पाया. बड़ी बात ये कि जिस अपराधी मस्तु सिंह को गिरफ्तार किया गया था, जमानत पर रिहा होने के बाद उसकी भी हत्या कर दी गई थी. गुंजन की मौत से पिता गोपाल खेमका पूरी तरह टूट गए थे. अभी वो इस दुख से पूरी तरह बाहर निकले भी नहीं थे कि 4 जुलाई, 2025 की रात को अपराधियों ने पटना में उन्हें भी गोलियों से छलनी कर दिया.
शुक्रवार की रात जब उनकी हत्या हुई तो सूचना मिलने पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव रात 12 बजे ही मौके पर पहुंच गए थे. ट्वीट कर उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले गोपाल खेमका के बेटे की भी हत्या कर दी गयी थी. वहीं गोपाल खेमका हत्याकांड की जांच में पुलिस जुट गयी है. पीड़ित परिजनों का आरोप है कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद भी स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर डेढ़ घंटे बाद पहुंची. जबकि वारदात स्थल से महज़ 300 मीटर की दूरी पर गांधी मैदान थाना है. वैसे, इसके पास ही नगर आरक्षी अधीक्षक, ग्रामीण आरक्षी अधीक्षक, जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों के आवास और कार्यालय है. फिर भी अपराधी वारदात को अंजाम देकर आराम से निकल गया. वाह रे पटना पुलिस!
वैसे राजधानी पटना में इस तरह की वारदातें होना कोई नयी बात नहीं है. कुछ दिन पहले ही पटना में मंत्री अशोक चौधरी के घर के गेट के पास एक युवक पर गोली चलाने की घटना सामने आई थी. बगल में ही बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी बंगला है. पटना के वीआईपी इलाके में गोली चलने की घटना से प्रशासन अलर्ट हो गया था. बाइक पर सवार अपराधियों ने जिस युवक पर गोली चलाई थी, वो बाल-बाल बच गया था. एयरपोर्ट थानेदार ने बताया था कि जिस पर फायरिंग हुई है, उस युवक का नाम राहुल है. सुबह-सुबह पैदल ड्यूटी पर जा रहा था. इसी दौरान उसके ऊपर फायरिंग हुई. दो अपराधी बाइक से थे, जो गोली चलाकर भाग गए.

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें