बी.डी. कॉलेज, पटना में नव नियुक्त प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद का भव्य स्वागत, प्रो. रत्ना अमृत को सम्मानपूर्ण विदाई*

 *बी.डी. कॉलेज, पटना में नव नियुक्त प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद का भव्य स्वागत, प्रो. रत्ना अमृत को सम्मानपूर्ण विदाई*



यूथ एजेंडा की रिपोर्ट

पटना। बी.डी. कॉलेज, पटना में सोमवार को एक गरिमामय एवं भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नव नियुक्त प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद का भव्य स्वागत किया गया तथा निवर्तमान प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।


कार्यक्रम का वातावरण एक ओर नई जिम्मेदारियों के स्वागत के उत्साह से परिपूर्ण था, वहीं दूसरी ओर प्रो. रत्ना अमृत के सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की स्मृतियों से भावुक भी दिखाई दिया। महाविद्यालय परिवार ने दोनों प्राचार्यों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की।


समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. रवि कुमार ने कहा कि प्रो. रत्ना अमृत के नेतृत्व में महाविद्यालय ने शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने उनके कार्यकाल को संस्थान के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।


शिक्षक संघ के सचिव डॉ. राहुल अमृत राज ने नव नियुक्त प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद का स्वागत करते हुए कहा कि उनके व्यापक अनुभव, प्रशासनिक दक्षता एवं दूरदर्शी शैक्षणिक दृष्टिकोण से महाविद्यालय को नई ऊर्जा एवं दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बी.डी. कॉलेज नई उपलब्धियों के शिखर को स्पर्श करेगा।


अपने विदाई संबोधन में प्रो. रत्ना अमृत ने महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके कारण वे संस्थान के विकास हेतु प्रभावी ढंग से कार्य कर सकीं।


वहीं, पदभार ग्रहण करने के उपरांत अपने संबोधन में प्रो. दिवाकर प्रसाद ने कहा कि वे सभी के सहयोग, सहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों के बल पर महाविद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ एवं समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

नव नियुक्त प्राचार्य के स्वागत को विशेष स्वरूप प्रदान करते हुए महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाइयों के स्वयंसेवकों एवं कैडेटों ने बैंड की मधुर धुनों के साथ उनका अभिनंदन किया। एनएसएस एवं एनसीसी के इस आकर्षक स्वागत ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया तथा उपस्थित जनों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।


समारोह में बर्सर डॉ. अमित कुमार, डॉ. राजीव कुमार (दर्शनशास्त्र), डॉ. राजीव कुमार (राजनीति विज्ञान), आलोक कुमार, डॉ. महेश केवट, डॉ. स्वर्णा कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. दिवाकर पांडेय, डॉ. सीमा कुमारी तथा डॉ. अफ्सा निगार सहित अनेक शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए दोनों प्राचार्यों के प्रति शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। विभिन्न महाविद्यालयों से आए अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।समारोह का समापन महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना के साथ हुआ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

किसान सलाहकार निकला मास्टरमाइंड तीन कट्टा 114 कारतूस बरामद

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

पूर्व मुखिया के घर चोरी का प्रयास चोर चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे