युवाओं की रचनात्मकता से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
युवाओं की रचनात्मकता से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर टी.पी.एस. कॉलेज, पटना के वनस्पति विज्ञान विभाग एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में "पर्यावरण संरक्षण एवं परिपत्र अर्थव्यवस्था (Environmental Conservation and Circular Economy)" विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करना तथा संसाधनों के सतत उपयोग, पुनर्चक्रण और अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, वृक्षारोपण तथा परिपत्र अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर आकर्षक एवं विचारोत्तेजक पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से यह संदेश दिया कि प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग और पुनर्चक्रण आधारित जीवनशैली ही टिकाऊ विकास का आधार है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक चिंता का विषय है और इसके समाधान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरणीय संवेदनशीलता को सुदृढ़ करते हैं।
वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव डॉ. विनय भूषण कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और परिपत्र अर्थव्यवस्था की अवधारणा वर्तमान समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों के पोस्टरों में पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति उनकी समझ, रचनात्मकता और समाधानपरक दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार सिन्हा ने प्रकृति और विकास के मध्य संतुलन बनाए रखने पर बल दिया, जबकि डॉ. प्रशांत कुमार ने सतत विकास के लिए जनभागीदारी और जागरूकता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में डॉ. उमेश कुमार एन एस एस, कार्यक्रम पदाधिकारी तथा पर्यावरण विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. रवि प्रभाकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. प्रशांत कुमार एवं डॉ. उमेश कुमार शामिल थे। प्रतियोगिता में निशा भारती ने प्रथम, खुशी कुमारी ने द्वितीय तथा मुस्कान कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके साथ आयोजित क्विज प्रतियोगिता में सुगम टीम प्रथम, निशा टीम द्वितीय तथा हरीशा टीम तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग तथा स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. मुकुंद कुमार ने दी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें