शोध एवं प्रशिक्षण के लिए टी.पी.एस. कॉलेज का कैंसर सोसाइटी से समझौता
शोध एवं प्रशिक्षण के लिए टी.पी.एस. कॉलेज का कैंसर सोसाइटी से समझौता
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
टी.पी.एस. कॉलेज, पटना और आर.एस. मेमोरियल कैंसर सोसाइटी, जो सवेरा कैंसर एवं मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की एक इकाई है, के बीच कैंसर अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर टी.पी.एस. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि यह समझौता महाविद्यालय में अनुसंधान संस्कृति को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं जैव चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराएगा।
हॉस्पिटल की ओर से प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कैंसर सर्जन डॉ. वी. पी. सिंह तथा डॉ. चंदन उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भूषण कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते के अंतर्गत कैंसर जेनेटिक्स, क्लिनिकल ट्रांसलेशनल रिसर्च, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं तथा संयुक्त शोध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग के स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों को अनुसंधान कार्यों में प्रत्यक्ष सहयोग एवं प्रशिक्षण प्राप्त होगा। साथ ही उन्हें आधुनिक शोध तकनीकों, कैंसर जीवविज्ञान तथा जैव-चिकित्सीय अनुसंधान के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार सिन्हा, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. रवि प्रभाकर तथा डॉ. मुकुंद कुमार भी उपस्थित थे। उपस्थित शिक्षकों ने इस पहल को महाविद्यालय और स्वास्थ्य क्षेत्र के बीच सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताते हुए इसका स्वागत किया।
मीडिया समन्वयक डॉ. मुकुंद कुमार ने बताया कि यह एमओयू विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को कैंसर अनुसंधान के क्षेत्र में विशेषज्ञों के साथ कार्य करने का अवसर प्रदान करेगा तथा भविष्य में संयुक्त शोध परियोजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन का मार्ग प्रशस्त करेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें