गंगा देवी महिला महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया पृथ्वी दिवस
गंगा देवी महिला महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया पृथ्वी दिवस
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
दिनांक 22/04/2026 को गंगा देवी महिला महाविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक प्रभावशाली एवं जागरूकता से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पर्यावरण विज्ञान, प्राणी विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. विजय लक्ष्मी के प्रेरणादायी नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसका कुशल संचालन पर्यावरण विज्ञान की सहायक प्राध्यापिका श्रीमती शिवानी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 100 छात्राओं की सक्रिय उपस्थिति रही, जिसने इस आयोजन को जीवंत और प्रेरणादायक बना दिया। महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का महत्व और अधिक बढ़ गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. विजय लक्ष्मी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में पृथ्वी संरक्षण की अनिवार्यता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सतत विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) केवल एक विचार नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सभी का यह कर्तव्य है कि हम अपनी धरती माता एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाएं।
इस अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह, सृजनात्मकता एवं जागरूकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु निर्णायक के रूप में वनस्पति विज्ञान विभाग की डॉ. पूनम सिन्हा, इतिहास विभाग की डॉ. प्रमांशी जयदेव तथा हिन्दी विभाग की डॉ. आशा कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। विजेताओं को प्राचार्या महोदया द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उनकी सराहना की गई, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और अधिक बढ़ा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहेंगे और अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पृथ्वी को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देंगे। इसी प्रेरणादायक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें