महाविद्यालय केवल शिक्षा नहीं, स्वस्थ समाज के निर्माण का भी केंद्र : प्रो. शांडिल्य

 महाविद्यालय केवल शिक्षा नहीं, स्वस्थ समाज के निर्माण का भी केंद्र : प्रो. शांडिल्य


यूथ एजेंडा की रिपोर्ट

पटना, 7 जुलाई 2026। टी.पी.एस. कॉलेज, पटना के भौतिकी विभाग द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के सहयोग से "Cancer: Awareness to Treatment" विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन कौटिल्य सभागार में किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन को कैंसर के प्रति जागरूक करना तथा समय पर पहचान, रोकथाम एवं आधुनिक उपचार की वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना था।


महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और उत्तरदायी समाज के निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ स्वास्थ्य, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों के प्रति भी जागरूक बनाना है। उन्होंने भौतिकी विभाग एवं IQAC की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं और भविष्य में भी महाविद्यालय इस प्रकार के जनहितकारी आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एम्स, पटना के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. जगजीत कुमार पांडेय ने कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, जोखिम कारकों, बचाव के उपायों, नियमित जांच के महत्व तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तृत एवं वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उचित उपचार से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तंबाकू एवं अन्य नशे से दूर रहने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूकता ही कैंसर के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार है।


IQAC के समन्वयक प्रो. (डॉ.) रूपम ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


कार्यक्रम के संयोजक एवं भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. हंस कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. मुकुंद कुमार ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सही जानकारी और समय पर जागरूकता अनेक लोगों का जीवन बचा सकती है। उन्होंने कहा कि टी.पी.एस. कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ समाजोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने के अपने दायित्व का निरंतर निर्वहन कर रहा है।


इस अवसर पर टी.पी.एस. कॉलेज, पटना के शिक्षक प्रो. नवेंदु शेखर, प्रो. कृष्णनंदन प्रसाद, डॉ. हंस कुमार सिंह, डॉ. शशि भूषण चौधरी, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. देवारति घोष, डॉ. सुषोभन पलाधी, डॉ. रवि प्रभाकर, डॉ. विनय भूषण कुमार, डॉ. मुकुंद कुमार, डॉ. सानंदा सिन्हा, डॉ. ज्योत्स्ना कुमारी,  डॉ उमेश कुमार, डॉ सोनू प्रताप , डॉ सुनीता कुमारी,  श्री मनोज कुमार सिंह, श्री कुमार अमिताभ, श्री दीपक कुमार सिंह, श्री वेंकटेश कुमार, श्री तुमुल आनंद, छात्र प्रतिनिधि डॉ. अंकित तिवारी एवं शिवम पराशर सहित महाविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

पूर्व मुखिया के घर चोरी का प्रयास चोर चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे

प्रेम यूथ फाउंडेशन के स्वयंसेवकों गंगा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान