ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी ने मंत्रिमंडल के फैसलों को विकास का मज़बूत कदम बताया*
प्रेस युथ एजेंडा से श्रवण साव जी की खबर
दिनांक - 25.11.2025
*ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी ने मंत्रिमंडल के फैसलों को विकास का मज़बूत कदम बताया*
बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी ने मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए फैसलों को बिहार के विकास की दिशा में एक अत्यंत मज़बूत और निर्णायक कदम बताया। उन्होंने इन दूरगामी नीतियों के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को हृदय से धन्यवाद दिया और उन्हें बिहार के विकास का सही अर्थों में सूत्रधार कहा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में, मंत्रिमंडल ने बिहार को 'पूर्वी भारत का नया टेक हब' के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स, मेगा टेक सिटी व फिनटेक सिटी की स्थापना हेतु शीर्ष समिति के गठन को स्वीकृति दी है।
उन्होंने उल्लेख किया कि इन निर्णयों के माध्यम से राज्य को अगले पाँच वर्षों में न्यू एज इकोनॉमी के अंतर्गत एक 'वैश्विक बैंक एंड-हब' एवं 'ग्लोबल वर्क प्लेस' के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य को बल मिलेगा, जिसके लिए कार्य योजना और उसके कार्यान्वयन का सतत् अनुश्रवण करने के लिए भी शीर्ष समिति के गठन को स्वीकृति दी गई है।
श्री चौधरी ने यह भी कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली उद्यमियों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु स्टार्ट-अप एवं अन्य न्यू एज इकोनॉमी प्रक्षेत्र की गतिविधियों को विस्तारित करने के लिए भी एक शीर्ष समिति के गठन के प्रस्ताव पर मंत्रिपरिषद ने स्वीकृति प्रदान की है।
उन्होंने 'बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन' की स्थापना की स्वीकृति का भी उल्लेख किया, जिसका उद्देश्य बिहार राज्य को कृत्रिम बुद्धिमता के क्षेत्र में अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करना है। मंत्री ने आगे बताया कि राज्य में नियोजित और गुणवत्ता युक्त शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए 11 शहरों (जिसमें 9 प्रमंडलीय मुख्यालय शहर, सोनपुर एवं सीतामढ़ी शामिल हैं) में नए सैटेलाईट/ग्रीनफील्ड टाउनशिप के विकास की सैद्धांतिक सहमति तथा प्रस्ताव तैयार करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
अंत में, उन्होंने कहा कि राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना या बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरुद्धार से संबंधित नीति निर्धारण/कार्य योजना हेतु मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति के गठन का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों को उच्चतर रिटर्न एवं रोजगार के अधिक अवसर पैदा हो सकेंगे। श्री चौधरी ने ज़ोर देकर कहा कि ये सभी फैसले मिलकर एक नए, विकसित और प्रगतिशील बिहार की नींव रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार आज निर्णायक बदलाव के मुकाम पर खड़ा है और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का यह नेतृत्व ही वह शक्ति है जो इस परिवर्तन को स्थायी और व्यापक बना रहा है जिसपर इस प्रदेश की जनता को पूरा भरोसा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें