गंगा देवी महिला महाविद्यालय, कंकड़बाग, पटना में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को महाविद्यालय में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI): अभिशाप या वरदान” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया
गंगा देवी महिला महाविद्यालय, कंकड़बाग, पटना में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को महाविद्यालय में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI): अभिशाप या वरदान” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया
।
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. श्यामा राय द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों में समग्र विकास, नवाचार, कौशल एवं आलोचनात्मक चिंतन को बढ़ावा देती है तथा नई शिक्षा व्यवस्था भारत को ज्ञान-आधारित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. वंदना कुमारी, सहायक प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग, ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को NEP के उद्देश्यों, बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, डिजिटल शिक्षा, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, नवाचारी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने के लिए तैयार करती है।
कार्यक्रम का सफल संयोजन महाविद्यालय की कुलानुशासक डॉ. विद्यु बाला एवं NEP समन्वयक डॉ. जागृति आनंद द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। डॉ. विद्यु बाला ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का लक्ष्य विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, नवाचार, संवाद कौशल तथा समसामयिक विषयों पर तार्किक दृष्टिकोण विकसित करना हैl
वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्राओं ने पक्ष एवं विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शिक्षा, रोजगार, समाज, नैतिकता, मानवता तथा भारत के भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता के दौरान AI के सकारात्मक उपयोग के साथ-साथ इसके संभावित दुष्प्रभावों और नैतिक चुनौतियों पर भी गंभीर चर्चा हुई।
प्रतियोगिता के अंत में निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की घोषणा की गई। जंतुविज्ञान विभाग की छात्रा तनु कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजनीति विज्ञान (Political Science) विभाग की छात्रा ईशा कुमारी ने द्वितीय स्थान तथा उसी विभाग की छात्रा खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिकाएँ डॉ. मंजरी शुक्ला, डॉ. मनीषा कुमारी, डॉ. शिखा, डॉ. रेनू कुमारी, डॉ. उर्वशी गौतम सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। छात्राओं ने पूरे उत्साह और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें