लोकाईन नदी से अवैध बालू खनन, तटबंध टूटने का खतरा
लोकाईन नदी से अवैध बालू खनन, तटबंध टूटने का खतरा
--
ग्रामीणों ने लगाई सीएम व अन्य अधिकारियों से गुहार
--
दनियावां से यूथ एजेंडा के लिए डॉ0 राजीव नयन की रिपोर्ट
---⛈️⛈️🌺🌺
दनियावां(पटना). प्रखंड के सिंगरियावाँ-खरभैया ग्रामीण सड़क के समीप पौराणिक फल्गु नदी की शाखा लोकाईन(महात्माईंन) जो बरसाती नदी है के पुल के पास भू-माफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध बालू और मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इससे नदी के तटबंध के धंसने और कई गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव,डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पोकलेन-हाइवा से दिन-रात हो रही उड़ाही से महात्माईंन(बाहा) नदी की हालत खराब होती जा रही है।
आवेदन के मुताबिक, एरई छिलका से दक्षिण वेरावाँ मौजा तक भू-माफिया और दबंग पोकलेन मशीनों व हाइवा लगाकर नदी और आसपास के खेतों से जबरन बालू-मिट्टी काट रहे हैं। यह पूरा इलाका शाहजहाँपुर थाना क्षेत्र में आता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह खनन पूरी तरह गैर-कानूनी है।
ग्रामीणों ने बताया कि तटबंध टूटा तो कई गांव बाढ़ की पानी में डूब जाएंगे। खरभैया के सामाजिक कार्यकर्ता और बीएसएनल के वरीय अधिकारी कौशल किशोर,सरथुआ के विमलेश कुमार,डॉ0 राजीव कुमार नयन, शिशुपाल कुमार, कुन्नू कुमार,राजकिशोर सिन्हा,बमशंकर कुमार,नागेंद्र कुमार,पप्पू कुमार(शिक्षक),रामनिरंजन प्रसाद,ई0 विक्कू व दर्जनों अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अवैध खनन से नदी के दोनों ओर बने तटबंध में भू-स्खलन की प्रबल संभावना है। तटबंध टूटने से एरई, वेरावाँ,खरभैया, जीवनचक समेत आसपास के गांवों में बाढ़ से भारी तबाही होगी और कृषि कार्य पूरी तरह चौपट हो जाएगा। इस संभावित खतरे से एरई गाँव का छिलका भी नेस्तनाबूद हो जाएगा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, सचिव, जिलाधिकारी पटना,एसडीएम पटना सिटी, ग्रामीण एसपी पटना, एसएसपी पटना,डीआईजी, पटना, थाना अध्यक्ष शाहजहाँपुर को पत्र भेजकर अवैध खनन रोकने व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई शुरू होने की सूचना नहीं है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें