पटलिपुत्र विश्वविद्यालय में “Botany for B.Sc. Students” पुस्तक का भव्य विमोचन
पटलिपुत्र विश्वविद्यालय में “Botany for B.Sc. Students” पुस्तक का भव्य विमोचन
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
पटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) उपेन्द्र प्रसाद सिंह के करकमलों द्वारा आज “Botany for B.Sc. Students” पुस्तक का गरिमामय विमोचन किया गया। यह पुस्तक विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक एवं वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. मनोज कुमार तथा डॉ. विनय भूषण कुमार द्वारा संयुक्त रूप से लिखी गई है। यह पुस्तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप बी.एससी. के विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, जिससे विद्यार्थियों को विषय की अवधारणाओं को सरल, वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित रूप से समझने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में विश्वविद्यालय के डीन प्रो. राजीव रंजन, प्रॉक्टर, वित्तीय सलाहकार, विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षकगण, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में शिक्षाविद् एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने पुस्तक के प्रकाशन पर दोनों लेखकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए इसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक योगदान बताया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का मूल उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, समकालीन एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा को बढ़ावा देना है। इस दिशा में ऐसी अद्यतन एवं उपयोगी पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक न केवल पटलिपुत्र विश्वविद्यालय, बल्कि अन्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए भी समान रूप से उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने दोनों लेखकों के शैक्षणिक समर्पण एवं अकादमिक योगदान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि उच्च शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री का निर्माण समय की आवश्यकता है और ऐसे प्रयास शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करते हैं। पुस्तक की विषयवस्तु, सरल भाषा, नवीन पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रस्तुतीकरण तथा विद्यार्थियों की सीखने की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई संरचना की सभी ने प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. मनोज कुमार एवं डॉ. विनय भूषण कुमार ने सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, सहकर्मी शिक्षकों एवं उपस्थित शिक्षाविदों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान और प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षणिक सामग्री तैयार करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
यह पुस्तक विमोचन समारोह पटलिपुत्र विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान एवं ज्ञान-सृजन की निरंतर विकसित होती परंपरा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। नई शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पाठ्यसामग्री के विकास की दिशा में यह प्रयास निश्चित रूप से उच्च शिक्षा जगत में एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में देखा जाएगा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें