एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए करियर के अवसर एवं सामाजिक क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएँ” विषय पर व्याख्यान
गंगा देवी महिला महाविद्यालय, पटना की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित एक सप्ताहीय विशेष शिविर के छठे दिन का आयोजन बड़े उत्साह एवं सामाजिक सरोकार के साथ किया गया। शिविर के प्रथम सत्र में एनएसएस स्वयंसेविकाएँ एवं छात्राएँ गोद ली गई झुग्गी-बस्ती में गईं तथा वहाँ के लोगों, विशेषकर बच्चों, से संवाद किया। स्वयंसेविकाओं ने बच्चों के बीच पुस्तकें एवं कॉपियाँ वितरित कीं तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
शिविर के द्वितीय सत्र में जे. डी. विमेन्स कॉलेज, पटना की समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. मृणाल मंजरी द्वारा “एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए करियर के अवसर एवं सामाजिक क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएँ” विषय पर विशेष
व्याख्यान दिया गया। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को सामाजिक कार्य, गैर-सरकारी संस्थाओं, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक विकास तथा जनसेवा के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
शिविर में स्वयंसेविका क्वीन रंजन, मुस्कान कुमारी, सोनी कुमारी, तनुश्री, स्नेहा आदि ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. विजय लक्ष्मी ने स्वयंसेविकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि समाज सेवा ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने छात्राओं से समाज के जरूरतमंद लोगों से जुड़े रहने तथा निरंतर सेवा कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समन्वयन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी एवं समाजशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. दीक्षा सिंह द्वारा किया गया। यह शिविर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित एक सप्ताहीय विशेष शिविर के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें