राष्ट्रीय सेवा योजना के साप्ताहिक सामुदायिक जागरूकता अभियान का भव्य समापन --
राष्ट्रीय सेवा योजना के साप्ताहिक सामुदायिक जागरूकता अभियान का भव्य समापन
--
प्रतिभागियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और कलम देकर किया गया सम्मानित
--
यूथ एजेंडा के लिए डॉ0 राजीव नयन सिंह की रिपोर्ट!🌺🌺🌺🌸🪷
दनियावां(पटना).दनियावां- हिलसा मार्ग पर अवस्थित समीपवर्ती एस.यू. कॉलेज, हिलसा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गोद लिए गए गांव अर्जुन टोला, मई में आयोजित सप्तदिवसीय सामुदायिक जागरूकता अभियान का सोमवार अंतिम दिन अत्यंत उत्साह, सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों के साथ संपन्न हुआ। समापन दिवस पर कृषि जागरूकता, शिक्षा प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं फीडबैक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो0 अनिल कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। गांवों में इस प्रकार के अभियान से वास्तविक परिवर्तन संभव है और विद्यार्थियों को जमीनी स्तर पर समाज को समझने का अवसर मिलता है।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. पिंकी कुमारी ने 7 दिनों तक चले इस कार्यक्रम की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वयंसेवकों ने स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, जल संरक्षण, पर्यावरण, कृषि एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त सकारात्मक फीडबैक इस अभियान की सफलता का प्रमाण है।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राध्यापिका डॉ. संदीपा इंद्रा ने स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन पर बल दिया। डॉ. अभिषेक कुमार ने ग्रामीण युवाओं को सामाजिक भागीदारी और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अश्विनी कुमार झा ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्वच्छ पेयजल एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण बच्चों के बीच पाठ्यपुस्तकों एवं फूड पैकेट का वितरण किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। साथ ही प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिंह एवं डॉ. पिंकी कुमारी ने संयुक्त रूप से एक दर्जन फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
एनएसएस के दो दर्जन स्वयंसेवकों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से कृषि, स्वच्छता, शिक्षा, नशा मुक्ति, महिला स्वास्थ्य और जल संरक्षण जैसे विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया। स्वयंसेवकों की रचनात्मक प्रस्तुति को ग्रामीणों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी एनएसएस स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मेडल, सर्टिफिकेट, डायरी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने स्वयंसेवकों के उत्साह को और बढ़ाया तथा समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मजबूत किया।
इस अवसर पर अतिथि शिक्षक डॉ. सौरभ कुमार, प्रधान सहायिका श्रीमती सुभद्रा सिन्हा, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष व मीडिया कर्मी डॉ0 राजीव नयन सिंह,अकाउंटेंट रोनित रॉय, जलेंद्र कुमार,मधुसूदन कुमार,चिंटू कुमार, बीरेंद्र,नवीन,मुनील कुमार, गुड्डू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अंत में ग्रामीणों के सकारात्मक फीडबैक एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें