टी.पी.एस. कॉलेज में स्वयंसेवा कार्यक्रम के अंतर्गत रक्तदान शिविर का आयोजन
टी.पी.एस. कॉलेज में स्वयंसेवा कार्यक्रम के अंतर्गत रक्तदान शिविर का आयोजन
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
पटना, 14 जून 2026।
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार संचालित 30 घंटे के अनिवार्य स्वयंसेवा (Volunteership) कार्यक्रम के अंतर्गत टी.पी.एस. कॉलेज, पटना में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), आईक्यूएसी (IQAC) तथा प्रथमा के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ) तपन कुमार शांडिल्य ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रक्तदान जैसे जनहितकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि यह न केवल किसी की जान बचाने का माध्यम है बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है।
प्राचार्य ने स्वयंसेवा कार्यक्रम की चर्चा करते हुए कहा कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय द्वारा प्रारंभ किया गया यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक चेतना को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
रक्तदान शिविर के दौरान प्रतिभागियों को रक्तदान की प्रक्रिया, इसके लाभ तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान के महत्व को समझा और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. उमेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय आवश्यकता की पूर्ति नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से समाजोपयोगी गतिविधियों में भाग लेने तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रो. कृष्ण नंदन प्रसाद, डॉ विनय भूषण कुमार, डॉ. हंस कुमार सिंह, डॉ. उमेश कुमार , डॉ. प्रशांत कुमार तथा डॉ. रवि प्रभाकर उपस्थित रहे। छात्र प्रतिनिधि डॉ. अंकित कुमार एवं शिवम कुमार ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा विद्यार्थियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. मुकुंद कुमार ने बताया कि रक्तदान शिविर स्वयंसेवा कार्यक्रम की महत्वपूर्ण गतिविधियों में से एक है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में वर्तमान में स्वयंसेवा कार्यक्रम के अंतर्गत जिम प्रशिक्षण, योग, खेलकूद, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता तथा सामुदायिक सेवा से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें