कॉमर्स कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह–2026 का भव्य समापन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की रचनात्मकता और संरक्षण का संदेश
कॉमर्स कॉलेज में वन्यजीव सप्ताह–2026 का भव्य समापन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की रचनात्मकता और संरक्षण का संदेश
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
पटना, 7 अक्टूबर 2026।
कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पटना के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित वन्यजीव सप्ताह–2026 का समापन आज विविध रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों के साथ हुआ। 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस विशेष सप्ताह की थीम “Wildlife Conservation: Our Responsibility, Our Future” रही। कार्यक्रम का मूल संदेश था—“Know. Observe. Protect Wildlife.”
वन्यजीव संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी विकसित करने के उद्देश्य से पूरे सप्ताह विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर विभाग द्वारा तैयार की गई वन्यजीव संरक्षण एवं जैव विविधता आधारित प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने पोस्टर, चार्ट, मॉडल, रंगोली तथा विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण, आवास विनाश, प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, अवैध शिकार तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी में बाघ, हाथी, गैंडा, घड़ियाल, गंगा नदी की डॉल्फिन, ब्लैकबक, पक्षियों तथा अन्य वन्यजीवों से संबंधित जागरूकता सामग्री ने विद्यार्थियों एवं आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। रंगोली और रचनात्मक कलाकृतियों के माध्यम से भी विद्यार्थियों ने प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति प्रेम तथा संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि युवा पीढ़ी वन्यजीव संरक्षण को केवल एक विषय के रूप में नहीं, बल्कि अपनी सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी के रूप में देख रही है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सुनीता रॉय ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव केवल हमारे प्राकृतिक पर्यावरण का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि पारिस्थितिक संतुलन के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा अपने आसपास जैव विविधता के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि प्रो. मीनाकेतन बहेरा, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और वन्यजीव एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. संतोष कुमार, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. विकास कुमार, डॉ. रश्मि कुमारी, डॉ. रश्मि, डॉ. विद्या यादव, डॉ. शंभू शरण, डॉ. अयान मुखर्जी सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार प्रदर्शनी एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डॉ. वंदना कुमारी, विभागाध्यक्ष, जंतु विज्ञान विभाग ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे ले जाकर उन्हें प्रकृति, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है। सप्ताह भर चले कार्यक्रमों में जानें, सृजन करें, जुड़ें तथा वन्यजीव संरक्षण के लिए कार्रवाई करें की भावना को केंद्र में रखा गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जंतु विज्ञान विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन ने महाविद्यालय परिसर में “Know Wildlife. Love Wildlife. Protect Wildlife.” के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित किया।
“वन्यजीव बचेंगे, तभी प्रकृति बचेगी; और प्रकृति बचेगी, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।”


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें