श्रीचंद उदासीन महाविद्यालय, हिलसा में BLIS एवं MLIS पाठ्यक्रम के नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन मीट आयोजित -

 श्रीचंद उदासीन महाविद्यालय, हिलसा में BLIS एवं MLIS पाठ्यक्रम के नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन मीट आयोजित -


डॉ0 राजीव नयन,युथ एजेंडा रिपोर्टर। 

।दनियावां-हिलसा मार्ग पर अवस्थित समीपवर्ती श्रीचंद उदासीन महाविद्यालय, हिलसा के सभागार में सोमवार को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के अंतर्गत बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस (BLIS) एवं मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस (MLIS) पाठ्यक्रमों के नव नामांकित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु इंडक्शन मीट का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिवचन्द्र सिंह, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के समन्वयक प्रो. अरविंद कुमार, प्रधान सहायिका श्रीमती सुभद्रा सिन्हा एवं अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पूर्व महाविद्यालय के संस्थापक श्री विष्णु प्रकाश उदासीन उर्फ झक्कड़ बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विभागीय समन्वयक प्रो. अरविंद कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए दोनों पाठ्यक्रमों के नव नामांकित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान आधुनिक एवं डिजिटल युग में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान की शिक्षा का विशेष महत्व है। इस वर्ष महाविद्यालय में MLIS पाठ्यक्रम की पढ़ाई प्रारंभ होना गौरव की बात है। उन्होंने इस ग्रामीण क्षेत्र के एकमात्र अंगीभूत महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर इस पाठ्यक्रम की शुरुआत के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य एवं विश्वविद्यालय के कुलपति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र के गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रो. अरविंद कुमार ने नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक ज्ञान अर्जित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल किताबी ज्ञान से इस व्यावसायिक पाठ्यक्रम का पूरा लाभ नहीं मिल सकता। इसके लिए नियमित अध्ययन, कक्षा में सक्रिय सहभागिता और प्रायोगिक कक्षाओं में उपस्थिति आवश्यक है।

इसके बाद पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के अतिथि शिक्षकअभिषेक कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नियमित रूप से वर्ग में आने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिवचन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यावसायिक पाठ्यक्रम का चयन केवल डिग्री प्राप्त करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि व्यावहारिक दक्षता एवं विषयगत ज्ञान अर्जित करने के संकल्प के साथ करना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए आवश्यक पुस्तकों एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को यदि किसी प्रकार की समस्या या कमी महसूस होती है, तो वे इसकी जानकारी महाविद्यालय प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर उसका समाधान किया जा सके। इस अवसर पर भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. भुवनेश्वर कुमार मंडल, राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. पंकज कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ0 राजीव नयन सिंह,बीसीए के अतिथि शिक्षक राजमणि कुमार, अनु कुमारी,तकनीकी कर्मी मधुसूदन कुमार, नवीन कुमार,चिंटू कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं महाविद्यालय कर्मी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

पूर्व मुखिया के घर चोरी का प्रयास चोर चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे

प्रेम यूथ फाउंडेशन के स्वयंसेवकों गंगा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान