गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर श्री अरविंद महिला कॉलेज में स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर श्री अरविंद महिला कॉलेज में स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
पटना, 01 अक्टूबर 2026।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर श्री अरविंद महिला कॉलेज, पटना के समाजशास्त्र विभाग द्वारा स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को व्यवहार में उतारना तथा छात्राओं में स्वच्छता, श्रम की गरिमा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया, जिसमें छात्राओं एवं शिक्षकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई की गई तथा छात्राओं को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. साधना ठाकुर, प्रो. पुष्पा राय, प्रो. अंजलि प्रसाद, डॉ. प्रिय रंजन, डॉ. मधुलिका एवं डॉ. गोपाल कुमार ने सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि गांधी जी के लिए स्वच्छता केवल बाहरी सफाई तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह व्यक्ति के आचरण, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ समाज के निर्माण से जुड़ी हुई थी। स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही गांधी जी के स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के स्वप्न को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर स्वच्छता के प्रति सजग रहकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा महाविद्यालय एवं समाज को स्वच्छ रखने में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें