पटना स्नातक MLC चुनाव में जदयू में बगावत, अनंत सिंह ने पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा

 पटना स्नातक MLC चुनाव में जदयू में बगावत, अनंत सिंह ने पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा 


यूथ एजेंडा की रिपोर्ट


*पटना।* पटना स्नातक विधान परिषद सीट का चुनावी माहौल गरमा गया है। जदयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी है। उन्होंने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार और पूर्व मंत्री नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को खुला समर्थन देने का ऐलान किया है।


मंगलवार को डॉ. अनुज सिंह के नामांकन के दौरान अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ गमछा लहराते हुए पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन किया। उनके इस कदम से जदयू खेमे में हड़कंप मच गया है।


*पुरानी है दोनों के बीच की अदावत*

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक और व्यक्तिगत खींचतान काफी पुरानी है। 2015 के विधानसभा चुनाव में जब जदयू ने अनंत सिंह का टिकट काट दिया था, तब पार्टी ने नीरज कुमार को मोकामा से मैदान में उतारा था। उस समय जेल में रहते हुए अनंत सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़कर नीरज कुमार को करारी शिकस्त दी थी।


इसके बाद 2019 के चर्चित AK-47 मामले में भी अनंत सिंह लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि उन्हें फंसाने के पीछे नीरज कुमार का हाथ है। अब स्नातक सीट पर एक बार फिर दोनों आमने-सामने हैं।


*प्रशांत किशोर को मिलेगा फायदा?*

अनंत सिंह के इस बगावती तेवर से सबसे ज्यादा फायदा प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को होता दिख रहा है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि मोकामा और पटना स्नातक क्षेत्र में अनंत सिंह का खासा प्रभाव है, जिसका सीधा लाभ जन सुराज प्रत्याशी को मिल सकता है। वहीं जदयू के लिए यह अंदरूनी कलह बड़ी चुनौती बन गई है।


फिलहाल जदयू नेतृत्व ने इस पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

पूर्व मुखिया के घर चोरी का प्रयास चोर चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे

प्रेम यूथ फाउंडेशन के स्वयंसेवकों गंगा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान