विश्व युवक केंद्र की बड़ी पहल: कराला की 41 बेटियों ने थामा आत्मनिर्भरता का दामन*
*विश्व युवक केंद्र की बड़ी पहल: कराला की 41 बेटियों ने थामा आत्मनिर्भरता का दामन*
यूथ एजेंडा से रघुवीर की रिपोर्ट
नई दिल्ली। कराला की गलियों से निकलकर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं 41 युवतियां। नवज्योति इंडिया फाउंडेशन और विश्व युवक केंद्र के सहयोग से संचालित ब्यूटी एवं ग्रूमिंग कौशल विकास कार्यक्रम ने इन बेटियों के जीवन में नया आत्मविश्वास, नई पहचान और नई दिशा भर दी है।
यह केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि सपनों को हकीकत में बदलने की मजबूत शुरुआत साबित हुआ है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और कार्यस्थल की तैयारी का विशेष मार्गदर्शन दिया गया। परिणामस्वरूप, प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और पेशेवर दृष्टिकोण में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला।
कार्यक्रम के पहले चरण में 27 युवतियों ने प्रशिक्षण पूर्ण किया, जिनमें से अधिकतर को रोजगार प्राप्त हुआ तथा कुछ ने अपना स्वयं का कार्य शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। इसके बाद दूसरे चरण में 41 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक कोर्स पूरा किया। 25 मार्च 2026 को आयोजित दीक्षांत समारोह में प्रमाण-पत्र वितरण के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर विश्व युवक केंद्र के सीईओ श्री उदय शंकर सिंह, ऑफिसर (सस्टेनेबिलिटी एंड डेवलपमेंट) श्री रणवीर सिंह, श्री आनंद कुमार (सीनियर ऑफिसर – डिजिटल इनिशिएटिव्स), श्री राकेश कुमार सिंह (प्रोग्राम ऑफिसर) एवं श्री तरुण कुमार (वीडियो एडिटर) उपस्थित रहे। वहीं नवज्योति इंडिया फाउंडेशन की ओर से अर्बन प्रोग्राम्स की निदेशक सुश्री नीतू शर्मा जोशी, स्किल अपग्रेडेशन प्रोग्राम की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री रागिनी छिकारा, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री गुरनाम सिंह मनकू तथा कोर्स ट्रेनर सुश्री गुलशन कुशवाह भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
सभी गणमान्य अतिथियों ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया, उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
आज ये 41 बेटियां केवल प्रमाण-पत्र ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सम्मान और आर्थिक स्वतंत्रता की ओर बढ़ते मजबूत कदमों का प्रतीक हैं। विश्व युवक केंद्र की यह पहल महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभर रही है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सशक्त नींव रख रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें