राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) विशेष शिविर – तृतीय दिवस


**गंगा देवी महिला महाविद्यालय, पटना**

राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) विशेष शिविर – तृतीय दिवस



यूथ एजेंडा की रिपोर्ट

पटना, दिनांक — गंगा देवी महिला महाविद्यालय, पटना की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक एवं सार्थक ढंग से संपन्न हुआ।


तृतीय दिवस के अवसर पर NSS के स्वयंसेवक एवं महाविद्यालय की छात्राएँ अपने गोद लिए हुए स्लम क्षेत्र, जो पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स स्टेडियम के पीछे स्थित है, का भ्रमण करने पहुँचीं। वहाँ उन्होंने अत्यंत दयनीय परिस्थितियों में जीवन-यापन कर रहे स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान विस्थापन, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं हाइजीन, पोषण, आर्थिक समस्याएँ आदि प्रमुख मुद्दे सामने आए।


विशेष रूप से वहाँ की महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह (Self Help Group) से जुड़ने एवं सरकारी या गैर-सरकारी संगठनों (NGO) के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने की इच्छा व्यक्त की। महाविद्यालय की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनके लिए उपयुक्त स्वयं सहायता समूहों एवं संस्थाओं से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।


यह कार्यक्रम पटना नगर निगम की उपइकाई जर्मन डेवलपमेंट कोऑपरेशन एजेंसी (GIZ) के सहयोग से आयोजित किया गया। GIZ से जलवायु परिवर्तन सलाहकार श्री दिलशाद अहमद एवं ज़ीरो वेस्ट मैनेजमेंट विशेषज्ञ श्री आलोक कुमार उपस्थित रहे।


दिवस के द्वितीय सत्र में आयोजित विशेष व्याख्यान में श्री आलोक कुमार एवं श्री दिलशाद अहमद ने शून्य अपशिष्ट प्रबंधन (Zero Waste Management), कचरा पृथक्करण (Waste Segregation) एवं पुनर्चक्रण (Recycling) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने दैनिक जीवन में ‘थ्री आर’ (Reduce, Reuse, Recycle) को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सूखा एवं गीला कचरा, सैनिटरी वेस्ट तथा अन्य अपशिष्टों के पृथक्करण एवं प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।


श्री दिलशाद अहमद ने स्वच्छता सर्वेक्षण (Swachhata Survey) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और बताया कि पटना किस प्रकार बेहतर रैंकिंग प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सर्वेक्षण के मूल्यांकन मानदंडों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शहर में ‘रेड स्पॉट’ एवं ‘येलो स्पॉट’ का न होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा नियमित कचरा प्रबंधन को बेहतर रैंकिंग के लिए अनिवार्य बताया।


इस प्रकार, दिवस के प्रथम सत्र में स्लम क्षेत्र का भ्रमण एवं द्वितीय सत्र में जागरूकता व्याख्यान के माध्यम से शिविर का तृतीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


कार्यक्रम का समन्वयन एवं संचालन डॉ. दीक्षा सिंह, कार्यक्रम पदाधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सहायक प्राध्यापक, गंगा देवी महिला महाविद्यालय, पटना द्वारा किया गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

किसान सलाहकार निकला मास्टरमाइंड तीन कट्टा 114 कारतूस बरामद

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

अपराधियों की खैर नही - मंजीत