ए.एन. कॉलेज, पटना में “एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप” पर पूर्व-नियोजन संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन
ए.एन. कॉलेज, पटना में “एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप” पर पूर्व-नियोजन संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
ए.एन. कॉलेज, पटना के लाइब्रेरी हॉल में आज एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप पर आधारित पूर्व-नियोजन संवाद (Pre-Placement Talk) कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को फेलोशिप, सामाजिक नेतृत्व, इंटर्नशिप, करियर अवसर तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ी संभावनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम राजनीति विज्ञान विभाग (Department of Political Science) के तत्वावधान में तथा अर्थशास्त्र, एमबीए, वाणिज्य, एम.आई.आर. एवं इतिहास विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक ए.एन. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शैलेश कुमार रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। ऐसे फेलोशिप कार्यक्रम युवाओं को समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं और उन्हें करियर के नए आयामों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के आयोजक के रूप में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार झा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे अवसरों का लाभ उठाना चाहिए, जो उन्हें वास्तविक जीवन अनुभव और समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना के प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप समन्वयक डॉ. मोहम्मद अली भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय और एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप के बीच हुए समझौते के बाद यह अवसर विश्वविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के लिए खुल चुका है। उन्होंने बताया कि इस फेलोशिप के माध्यम से छात्र बिहार से बाहर विभिन्न राज्यों में जाकर ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक परिवर्तन से जुड़े कार्यों में भाग लेकर अनुभव प्राप्त कर सकते हैं, जो उनके भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के कई वरिष्ठ शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. कलानाथ मिश्र (एन.ई.पी कॉर्डिनेटर) , डॉ. अनिल नाथ, डॉ. प्रभा, डॉ. अभिषेक दत्ता (बर्सर)
एवं डॉ. कौसर तस्नीम सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन रिचा गौतम द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं व्यवस्थित ढंग से किया गया, जिसकी उपस्थित जनों द्वारा सराहना की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फेलोशिप से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान वक्ताओं द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया। विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, चयन प्रक्रिया, कार्य क्षेत्र, अनुभव लाभ एवं करियर संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम का समापन डॉ. श्वेता द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन ने यह प्रतिबद्धता व्यक्त की कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में इस प्रकार के करियर उन्मुख, कौशल विकास एवं फेलोशिप जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें