टी.पी.एस. कॉलेज में प्रस्तावित विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक का विरोध
टी.पी.एस. कॉलेज में प्रस्तावित विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक का विरोध
एवं
मनोविज्ञान विभाग में 40 घंटे के सर्टिफिकेट कोर्स का शुभारंभ
पटना, 23 जुलाई। टी.पी.एस. कॉलेज, पटना में गुरुवार को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक ओर शिक्षक संघ की आमसभा में बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 में प्रस्तावित संशोधन के विरुद्ध सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया, वहीं दूसरी ओर मनोविज्ञान विभाग द्वारा 40 घंटे के सर्टिफिकेट कोर्स का शुभारंभ किया गया।
टी.पी.एस. कॉलेज शिक्षक संघ की आम बैठक की अध्यक्षता प्रो. विजय कुमार सिन्हा ने की। बैठक में उपस्थित सभी शिक्षकों ने बिहार सरकार द्वारा बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 में किए जा रहे संशोधन पर गंभीर चिंता व्यक्त की। विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत शिक्षक संघ ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि प्रस्तावित संशोधन उच्च शिक्षा व्यवस्था, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, शिक्षकों के अधिकारों एवं शैक्षणिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। शिक्षक संघ ने इस संशोधन का स्पष्ट विरोध करते हुए बिहार सरकार से इसे तत्काल वापस लेने तथा किसी भी संशोधन से पूर्व विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षक संगठनों एवं शिक्षा-जगत के अन्य संबंधित पक्षों से व्यापक विचार-विमर्श करने का आग्रह किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस प्रस्ताव की प्रति बिहार सरकार, कुलपति, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना तथा संबंधित शिक्षक संगठनों को भेजी जाएगी। साथ ही AIFUCTO एवं FUTAB के आंदोलन को समर्थन देने का भी निर्णय लिया गया। उपरोक्त जानकारी संघ के सचिव डॉ. विनय भूषण कुमार ने दी।
एक अन्य कार्यक्रम मे महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग द्वारा 40 घंटे के सर्टिफिकेट कोर्स का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष एवं कोर्स समन्वयक प्रो. रूपम ने की। उन्होंने कहा कि यह कोर्स विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, मानसिक स्वास्थ्य, निर्णय क्षमता एवं जीवन-कौशल को सुदृढ़ बनाने में सहायक होगा। कार्यक्रम में हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. शशि भूषण चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संचालन डॉ. तरन्नुम ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उमेश कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. हंस कुमार, डॉ. चंद्रशेखर ठाकुर, डॉ. शशि शेखर कुमार सिंह, डॉ. ओंकार पासवान सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कोर्स के अंतर्गत बिहार योग विद्यालय से प्रशिक्षित श्री जयप्रकाश चौधरी एवं सुश्री रीना कुमारी प्रतिभागियों को योग का प्रशिक्षण देंगे। महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सर्टिफिकेट कोर्स विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक जीवन-दृष्टि के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
दोनों कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. मुकुंद कुमार ने दी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें