चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित

 चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित



यूथ एजेंडा की रिपोर्ट

पटना। कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पटना के वाणिज्य सभागार में सोमवार को चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (सत्र 2026-30) में नामांकित नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए भव्य दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।


विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समारोह का आयोजन दो सत्रों में किया गया। प्रथम सत्र विज्ञान संकाय तथा द्वितीय सत्र वाणिज्य, कला एवं मानविकी संकाय के विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुआ।


कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुनीता रॉय ने की। इस अवसर पर आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के समन्वयक प्रो. संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।


समारोह में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), विकल्प आधारित क्रेडिट प्रणाली (सीबीसीएस), विषय समूह तथा सतत मूल्यांकन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), कला एवं सांस्कृतिक समिति तथा नियोजन प्रकोष्ठ के समन्वयकों ने अपने-अपने प्रकोष्ठों की गतिविधियों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को उनमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।


अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या प्रो. सुनीता रॉय ने कहा कि छात्र जीवन का यह चरण भविष्य निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण अवधि है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और समय के सदुपयोग पर विशेष बल देते हुए कहा कि इसी अवधि का परिश्रम उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगा।


प्राचार्या ने महाविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने तथा कक्षाओं में न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य बताते हुए विद्यार्थियों से नियमित रूप से अध्ययन में संलग्न रहने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को उनके सफल एवं उज्ज्वल शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

पूर्व मुखिया के घर चोरी का प्रयास चोर चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे

प्रेम यूथ फाउंडेशन के स्वयंसेवकों गंगा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान