*शिवम इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने ली नशा मुक्ति की शपथ, मोबाइल की लत को भी बताया खतरनाक*
*शिवम इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने ली नशा मुक्ति की शपथ, मोबाइल की लत को भी बताया खतरनाक*
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
खुसरूपुर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को प्रखंड के फुलवरिया स्थित शिवम इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में एक विशेष नशा मुक्ति प्रशिक्षण और शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित ब्रह्माकुमारी प्रजापति की बहन बीके अंजू, बहन बीके विभा और भाई धनंजय जी ने बच्चों को संबोधित किया। प्रशिक्षकों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ज्यादातर नशे की लत 14 से 18 वर्ष की उम्र के बीच ही शुरू होती है, जो न सिर्फ युवावस्था को प्रभावित करती है बल्कि पूरे जीवन को नष्ट कर देती है। उन्होंने आज के डिजिटल युग के खतरों की ओर इशारा करते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में बच्चों के बीच मोबाइल गेम्स और कार्टून आदि की लत भी एक खतरनाक नशे का रूप ले चुकी है, जिससे बच्चों को दूर रहना चाहिए।विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ता है, बल्कि करियर बनाने का जो सबसे बहुमूल्य समय होता है, वह भी पूरी तरह बर्बाद हो जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को जीवन में कभी भी नशीले पदार्थों का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने पूरी निष्ठा के साथ यह वादा किया कि वे न तो खुद कभी नशा करेंगे और न ही अपने आसपास किसी को नशा करने देंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी वृंद मुख्य रूप से उपस्थित रहे और बच्चों के इस संकल्प की सराहना की।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें