चंडीगढ़ में प्रेमिका से शादी की जिद में बेटे ने हेड कांस्टेबल पिता की हत्या कर दी
चंडीगढ़ में प्रेमिका से शादी की जिद में बेटे ने हेड कांस्टेबल पिता की हत्या कर दी
यूथ एजेंडा
रंजन कुमार , क्राइम रिपोर्टर
चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्थित सरकारी क्वार्टर में हेड कांस्टेबल नितिन सिंह की उनके ही बेटे अरमान ने गोली मारकर हत्या कर दी। अरमान अपनी प्रेमिका से जल्द शादी करना चाहता था, जबकि पिता उससे 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद शादी करने की बात कह रहे थे। इसी दौरान अरमान ने पिता से कारोबार शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये भी मांगे, लेकिन नितिन ने पैसे देने से इनकार कर दिया। दोनों के बीच विवाद हुआ, हालांकि बाद में परिवार के हस्तक्षेप से शादी को लेकर सहमति बनने की बात भी सामने आई थी।
घर में लौटकर आया था अरमान: अरमान करीब ढाई महीने से घर से अलग रह रहा था और हत्या से दो दिन पहले ही सेक्टर-22 स्थित माता-पिता के घर आया था। उसकी प्रेमिका से उसकी पहचान पढ़ाई के दौरान हुई थी और दोनों के रिश्ते की जानकारी परिजनों को थी। प्रेमिका के परिवार की ओर से शादी के लिए शगुन भी दिया गया था।
सुबह 4:30 बजे पिता को गोली मारी: शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे अरमान ने घर में सो रहे नितिन के सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद उसने अपनी मां मोनिका, जो चंडीगढ़ पुलिस में एएसआई हैं, को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पिस्तौल से दोबारा गोली नहीं चली, जिसके बाद अरमान ने मां का गला दबाने की कोशिश की। मोनिका किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर छत पर पहुंचीं और शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद मांगी।
हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने की कोशिश: पुलिस के पहुंचने पर अरमान ने पहले कहानी सुनाई कि कोई बाहरी युवक घर में घुसा, उसके पिता को गोली मारी और फरार हो गया। बाद में उसके बयान बदलने लगे और पूछताछ में विरोधाभास सामने आए। पुलिस के मुताबिक सख्ती से पूछताछ के बाद अरमान ने पिता की हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की। मौके से देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए।
14 हजार रुपये में खरीदा था कट्टा: पूछताछ में अरमान ने बताया कि उसने देसी कट्टा हरिद्वार के एक व्यक्ति से करीब 14 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस अब हथियार की खरीद, हत्या की योजना, घटना से पहले और बाद की गतिविधियों तथा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
नितिन चंडीगढ़ पुलिस की अकाउंट्स ब्रांच में हेड कांस्टेबल थे और उनकी पत्नी मोनिका भी पुलिस विभाग में एएसआई हैं। पुलिस ने मोनिका की शिकायत पर मामला दर्ज कर अरमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें