पटलिपुत्र विश्वविद्यालय के महिला महाविद्यालयों को अलग विश्वविद्यालय में शामिल करने के प्रस्ताव का विरोध

 पटलिपुत्र विश्वविद्यालय के महिला महाविद्यालयों को अलग विश्वविद्यालय में शामिल करने के प्रस्ताव का विरोध


यूथ एजेंडा की रिपोर्ट

बिहार सरकार द्वारा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के महिला महाविद्यालयों को अलग कर माता सीता महिला विश्वविद्यालय के अंतर्गत लाने की पहल के विरोध में गंगा देवी महिला महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्राओं ने विरोध जताया। महाविद्यालय परिवार ने कहा कि वर्तमान में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं। ऐसे में अलग विश्वविद्यालय के गठन से प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ने के साथ नई जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं।


शिक्षकों ने कहा कि 19वीं और 20वीं सदी में जब महिलाओं की शिक्षा तक पहुंच सीमित थी और सामाजिक परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं घर से बाहर निकलकर शिक्षा ग्रहण करने में संकोच करती थीं, तब पुणे, कोलकाता सहित देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के लिए विशेष विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्थापना का महत्वपूर्ण ऐतिहासिक योगदान रहा। इन संस्थानों ने महिलाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


महाविद्यालय परिवार का कहना है कि वर्तमान समय की सामाजिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं। आज आवश्यकता महिलाओं को अलग शैक्षणिक व्यवस्था में सीमित करने की नहीं, बल्कि समावेशी एवं समान अवसर आधारित उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की है, जहां सभी जेंडर के विद्यार्थियों और शिक्षकों को समान शैक्षणिक एवं संस्थागत अवसर प्राप्त हों।


शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि किसी भी निर्णय से पूर्व शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों सहित सभी हितधारकों से व्यापक संवाद किया जाए तथा इसके शैक्षणिक, प्रशासनिक और सामाजिक प्रभावों का समुचित मूल्यांकन कराया जाए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

पूर्व मुखिया के घर चोरी का प्रयास चोर चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे

प्रेम यूथ फाउंडेशन के स्वयंसेवकों गंगा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान