पुलिस की बड़ी कारवाई

 पुलिस की बड़ी कारवाई 


यूथ एजेंडा की रिपोर्ट

बिहार पुलिस ने किशोरियों को बेहतर जिंदगी का झांसा देकर अगवा करने, बंधक बनाने और कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेलने वाले राज्य स्तर के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने पटना के रामकृष्ण नगर और मुजफ्फरपुर के पताही इलाके से दो किशोरियों को बरामद किया है। मामले में मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह कथित तौर पर नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाता था। विरोध करने पर मारपीट और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी सामने आए हैं।


मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के अनुसार, 28 फरवरी को कथैया थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी लापता हुई थी। उसकी मां की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। अपहृत किशोरियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी जांच और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने पटना के रामकृष्ण नगर में छापेमारी कर किशोरी को बरामद किया।


पुलिस ने मौके से कथित देह व्यापार नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली के बिट्टू कुमार, कथैया की शमीता कुमारी, पटना के दीघा निवासी सुजीत कुमार और रामकृष्ण नगर के मकान मालिक गिरिजा यादव शामिल हैं।


पुलिस के मुताबिक, पटना से बरामद किशोरी ने पूछताछ में बताया कि गांव की रहने वाली शमीता कुमारी उसे हरदी मेले से बहला-फुसलाकर मुजफ्फरपुर ले गई थी। आरोप है कि वहां उसे एक घर में बंधक बनाकर रखा गया और जबरन देह व्यापार कराया गया। किशोरी के मुताबिक, शमीता का पति कथित तौर पर ग्राहकों को लेकर आता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। कुछ समय बाद किशोरी को मुजफ्फरपुर से पटना लाया गया, जहां रामकृष्ण नगर में उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया था।


किशोरी और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र के पताही इलाके में छापेमारी की गई। वहां पुलिस ने एक अन्य किशोरी को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, उसे भी कथित तौर पर झांसा देकर लाया गया था और बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराने का आरोप है।


पताही से पुलिस ने मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें अनीता कुमारी, पारू के आशीष कुमार और हथौड़ी के भूषण झा शामिल हैं। इस तरह पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो किशोरियों को सुरक्षित बरामद किया है और कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के अनुसार, गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो चिह्नित आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अन्य जिलों में भी इस नेटवर्क के संभावित संपर्कों की जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि किशोरियों को बहला-फुसलाकर अपहरण करने और कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेलने वाला यह नेटवर्क बिहार के अन्य जिलों तक फैला हो सकता है। पुलिस का कहना है कि मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके पूरे संचालन का पता चल सकता है।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का प्रेम यूथ फाउंडेशन में हुआ आयोजन,विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के टिप्स

पूर्व मुखिया के घर चोरी का प्रयास चोर चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे

प्रेम यूथ फाउंडेशन के स्वयंसेवकों गंगा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान