डॉक्टर की मौत का मामला गरमाया, फतुहा CHC में कथित प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने कई लोगों पर लगाए आरोप
डॉक्टर की मौत का मामला गरमाया, फतुहा CHC में कथित प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने कई लोगों पर लगाए आरोप
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
फतुहा से इस वक्त की बड़ी खबर… डॉ. अनिल कुमार प्रभात की मौत को लेकर अब पुलिस जांच की मांग तेज हो गई है!
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतुहा में चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत रहे डॉ. अनिल कुमार प्रभात की मौत के मामले में उनकी पत्नी सीमा कुमारी ने फतुहा थाने में लिखित आवेदन देकर जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन में सीमा कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनके पति को कार्यस्थल पर कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक गाली-गलौज, अपमानजनक और भेदभावपूर्ण व्यवहार का सामना करना पड़ता था।
आरोपों में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गणपत मंडल, आयुष विभाग के डॉ. अमर, डेंटिस्ट डॉ. पवन कुमार, बीसीएम सुनीता समेत अन्य लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है।
आवेदन में एक घटना का भी जिक्र है, जिसमें आरोप है कि डॉ. अनिल जिस कुर्सी पर बैठते थे, उसे हटवा दिया गया था।
परिवार का कहना है कि इन घटनाओं और कार्यस्थल से जुड़ी शिकायतों की जानकारी पहले ही संबंधित अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
अब पत्नी ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रोस्टर, उपस्थिति पंजी, सरकारी पत्राचार, शिकायत-पत्र और नोटशीट समेत तमाम दस्तावेज सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की है।
4 सितंबर 2026 को हुई डॉ. अनिल कुमार प्रभात की मौत और कथित कार्यस्थल की घटनाओं के बीच संबंध की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
साथ ही BNS की संबंधित धाराओं और SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम की लागू धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।
अब बड़ा सवाल यही है—क्या पुलिस जांच में इन आरोपों की पुष्टि होती है? क्या जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी?
फिलहाल, मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें