संविधान की मजबूती के लिए 100% मतदान जरूरी : आम वोटर परिषद्*
*संविधान की मजबूती के लिए 100% मतदान जरूरी : आम वोटर परिषद्*
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
संविधान दिवस पर स्वतंत्रता सेनानी भवन में बैठक, फरवरी में होगा ‘वोटर इवेंट्स सह मीडिया सम्मान समारोह’।
पटना। संविधान दिवस के अवसर पर आम वोटर परिषद् ने लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वतंत्रता सेनानी भवन प्रांगण में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संविधान की सुरक्षा और संरक्षण का वास्तविक अर्थ है—लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना।
बैठक में परिषद् ने बांकीपुर, पटना बिहार, विधानसभा उपचुनाव में हालिया चुनावी उदाहरण का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब किसी विधानसभा क्षेत्र में मात्र 34 प्रतिशत मतदान होता है और 66 प्रतिशत मतदाता मतदान से दूर रहते हैं, तो लोकतंत्र की मजबूती का लक्ष्य कैसे पूरा होगा? परिषद् ने मतदाताओं की उदासीनता के कारणों की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने की आवश्यकता बताई।
आम वोटर परिषद् ने अपने ‘मिशन 2029 – 100% मतदान’ अभियान के तहत पांच प्रमुख प्रस्ताव सामने रखे—डिजिटल ईवीएम की दिशा में तकनीकी पहल, मतदान जलपान, डिजिटल वोटर स्लिप व्यवस्था, वोटर मोटिवेशनल सॉन्ग और वोटर मोटिवेटर यूनिट। परिषद् का मानना है कि इन प्रस्तावों पर निर्वाचन आयोगों, सरकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से गंभीर विमर्श होना चाहिए।
परिषद् आगामी फरवरी माह में ‘वोटर इवेंट्स सह मीडिया सम्मान समारोह’ आयोजित करने जा रही है। इसका उद्देश्य शत-प्रतिशत मतदान की राह में आने वाली समस्याओं और उनके पांच सूत्रीय समाधानों को राष्ट्रीय चर्चा का विषय बनाना तथा सक्षम संस्थाओं के समक्ष ठोस सुझाव प्रस्तुत करना है।
प्रेम फाउंडेशन के संस्थापक प्रेम कुमार ने परिषद् की आगामी पहल में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महापरिषद के राष्ट्रीय महासचिव कुमार पटेल ने कहा कि 100 प्रतिशत मतदान की दिशा में आगे बढ़ना ही संविधान की सुरक्षा एवं संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने आम वोटर परिषद् के प्रयासों की सराहना करते हुए सुझावों को जिम्मेदार संस्थाओं द्वारा गंभीरता से लेकर लागू करने तथा केंद्र और राज्य सरकारों से सहयोग की अपील की। परिसर के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष वरुण कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में जो मतदान का प्रतिशत कम है उसमें जो प्रतिनिधि चुने जा रहे हैं वह वोटर के बहुमत में नहीं बल्कि अल्पमत वाटरों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
बैठक में प्रेम कुमार, अभिजीत तांती, मनीष कुमार, सनी कुमार, संगठन विस्तार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार, सुभाष चंद्र, गोपाल कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार ने बैठक में फरवरी में प्रस्तावित कार्यक्रम के रूपरेखा पर चर्चा की और परिषद् के राष्ट्रीय महासचिव गव्यसिद्ध डॉ. अश्वनी कुमार ने परिषद् के प्रयासों से मतदान के प्रतिशत में वृद्धि होगी और उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की सफलता के संबंधों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में परिषद के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहें।
परिषद् का संदेश स्पष्ट है—संविधान का सम्मान, लोकतंत्र की पहचान और प्रत्येक मतदाता की भागीदारी; यही 100% मतदान की बुनियाद है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें