टी.पी.एस. कॉलेज के प्रधान सहायक की सेवानिवृत्ति पर विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित
टी.पी.एस. कॉलेज के प्रधान सहायक की सेवानिवृत्ति पर विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) तपन कुमार शांडिल्य ने कहा—कर्मचारियों की निष्ठा और समर्पण संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी
पटना, 2 नवंबर 2026। टी.पी.एस. कॉलेज के प्रधान सहायक श्री मनोज कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर टी.पी.एस. कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन की ओर से विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने उनके दीर्घकालीन सेवाकाल, कार्यनिष्ठा और महाविद्यालय के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्रगति में शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षकेतर कर्मचारियों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। महाविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में प्रधान सहायक का दायित्व विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि श्री मनोज कुमार सिंह ने अपने सेवाकाल में जिस निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य किया, वह सराहनीय है। सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का एक पड़ाव है, लेकिन व्यक्ति के कार्य और योगदान संस्थान की स्मृतियों में सदैव बने रहते हैं। उन्होंने श्री सिंह के स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की मंगलकामना की।
टी.पी.एस. कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह समारोह केवल विदाई का अवसर नहीं, बल्कि एक समर्पित कर्मचारी के योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि श्री सिंह की सेवाओं को महाविद्यालय परिवार सदैव याद रखेगा।
एसोसिएशन के सचिव डॉ. विनय भूषण कुमार ने कहा कि किसी भी संस्थान की कार्यसंस्कृति उसके सभी सदस्यों के पारस्परिक सहयोग, विश्वास और समर्पण से मजबूत होती है। उन्होंने श्री सिंह के योगदान की सराहना करते हुए उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. रूपम ने कहा कि संस्थान की गुणवत्ता और कार्यक्षमता बनाए रखने में प्रत्येक कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने श्री सिंह के सेवाकाल को महाविद्यालय के लिए उपयोगी बताते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. शशि भूषण चौधरी ने भी श्री सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और योगदान महाविद्यालय परिवार के लिए महत्वपूर्ण रहा है। डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद जीवन का एक नया अध्याय शुरू होता है। उन्होंने श्री सिंह के स्वस्थ, प्रसन्न एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।
समारोह का संचालन डॉ. सानंदा सिन्हा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नूपुर ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में टी.पी.एस. कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों सहित डॉ. दीपिका शर्मा, डॉ. ओंकार पासवान, डॉ. अश्विनी कुमार , डॉ. शशि शेखर कुमार सिंह, प्रो. अंजलि प्रसाद, प्रो. नवेन्दु शेखर, प्रो. अंजलि, डॉ. उषा किरण, डॉ. सुशोवन पालाधि,डॉ उमेश कुमार, डॉ शशि शेखर सिंह तथा डॉ. हंस कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षकेतर कर्मचारियों की ओर से श्री कुमार अमिताभ, श्री दीपक कुमार सिंह, श्री तुमुल आनंद, श्री वेंकटेश कुमार, श्री जकी अहमद, श्री राकेश कुमार एवं श्री मृत्युंजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी समारोह में मौजूद थे। सभी ने श्री सिंह के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. मुकुंद कुमार ने यह जानकारी दी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें