गंगा देवी महिला महाविद्यालय में पद्म भूषण एवं ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित पं. विश्व मोहन भट्ट की मोहन वीणा वादन प्रस्तुति
गंगा देवी महिला महाविद्यालय में पद्म भूषण एवं ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित पं. विश्व मोहन भट्ट की मोहन वीणा वादन प्रस्तुति
पटना, 3 नवंबर 2026। गंगा देवी महिला महाविद्यालय, पटना में आज SPIC MACAY (Society for the Promotion of Indian Classical Music and Culture Amongst Youth) के तत्वावधान में प्रख्यात शास्त्रीय संगीतज्ञ, पद्म भूषण एवं ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित पंडित विश्व मोहन भट्ट का भव्य मोहन वीणा वादन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा SRF Foundation के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. श्यामा राय एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्या ने अपने संक्षिप्त संबोधन में भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा युवा पीढ़ी को भारतीय कला एवं संगीत से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन प्राणी विज्ञान विभाग की डॉ. भव्या ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. बिधुबाला, डॉ. शशि अग्रवाल, डॉ. रेणु, डॉ. श्वेता गुप्ता एवं डॉ. अनीता श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर पंडित विश्व मोहन भट्ट ने अपनी विशिष्ट वाद्ययंत्र मोहन वीणा के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके साथ तबले पर पंडित ज्योतिर्मय रायचौधरी ने संगत की। सुरों की मधुरता, रागों की गहराई और अद्भुत लयकारी ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की इस अनूठी प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में भारतीय शास्त्रीय संगीत, कला एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि विकसित करना तथा भारतीय संगीत की महान परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराना था।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें