संविधान मार्च: मतदाता, लोकतंत्र और संविधान बचाओ
संविधान मार्च: मतदाता, लोकतंत्र और संविधान बचाओ
यूथ एजेंडा की रिपोर्ट
*चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तुरंत इस्तीफा दें*
*चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता तथा संवैधानिक संरचना बहाल की जाए*
*बिहार के जन-संगठनों और नागरिकों ने उठाया मताधिकार तथा अधिकारों का सवाल*
*पटना, 26 नवंबर:* ‘हम भारत के लोग’ बैनर तले बिहार के विभिन्न जन-संगठनों और नागरिकों की ओर से “संविधान मार्च - मतदाता, लोकतंत्र और संविधान बचाओ” गांधी मूर्ति, गांधी मैदान, पटना से निकाला गया।
मार्च में मतदाता सूची से नाम हटाने, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR), चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन जताया गया।
मार्च में नारे लगाए गए:
*वोट चोरी नहीं चलेगी। SIR के बाद हुए राज्य चुनावों से बनी सरकारों की वैधता को चुनौती दी जाए। संविधान हमारा स्वाभिमान है, ना डरेंगे, ना झुकेंगे, संविधान बचाएंगे। वोट हमारा संवैधानिक अधिकार है। जनता जिंदा है, तभी लोकतंत्र जिंदा है। ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो। चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, जवाबदेही सुनिश्चित करो। SIR से पूर्व की मार्च 2024 की मतदाता सूची को मान्य करो।*
गांधी मूर्ति और अंबेडकर मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। अंत में संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संकल्प लिया गया। इसमें राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्रों, युवाओं, वकीलों, प्रबुद्ध नागरिकों, संस्कृतिकर्मियों, मजदूरों, किसानों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
मार्च को जे.पी. गोलंबर पर रोक दिया गया और मार्च के छह प्रतिनिधियों - विजयकांत सिन्हा, सगुफ्ता, निशांत, अफजल हुसैन, सामी अहमद, रामबाबू को प्रशासन अंबेडकर मूर्ति तक ले गया। वहाँ अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और सभा हुई।
प्रमुख लोगों में प्रो. अरुण कमाल, प्रो. तरुण कुमार, प्रो. अनिल राय, अरशद अजमल, बिनोद कुमार, के.डी. यादव, अर्चना, शिवकुमार, दिलीप कुमार, प्रेम कुमार, कपिलेश्वर राम, राकेश कुमार, कमलेश शर्मा, शाहिद कमाल, गोपाल कृष्ण और रूपेश शामिल थे।
*इस दौरान मुख्य मांगों को दोहराया गया:*
*1. मतदाता सूची में पारदर्शिता और बहाली:* SIR प्रक्रिया में हटाए गए प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम पारदर्शी प्रक्रिया से बहाल किया जाए। हटाए जाने का कारण, आधार और सुधार / आपत्ति का अधिकार प्रभावित नागरिकों को स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो।
*2. नागरिक अधिकारों और कल्याण की रक्षा:* मतदाता सूची से नाम हटने से किसी भी योग्य नागरिक को खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, शिक्षा या सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न किया जाए।
*3. SIR और मतदाता सूची पर स्पष्ट स्थिति:* SIR से पूर्व की मार्च 2024 की मतदाता सूची को मान्य माना जाए। SIR के बाद हुए राज्य चुनावों में गठित सरकारों की वैधता को चुनौती दी जाए।
*4. चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, जवाबदेही और ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा:* चुनाव आयोग के वर्तमान गठन एवं नियुक्ति प्रक्रिया को अवैध घोषित कर रद्द किया जाए। चुनाव आयोग को स्वतंत्र, पारदर्शी, निष्पक्ष और संवैधानिक बनाया जाए। चुनाव प्रक्रिया में कथित विफलता, पक्षपात और जनता के विश्वास को कमजोर करने की जिम्मेदारी लेते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपना इस्तीफा दें।
वक्ताओं ने कहा - मतदाता सूची से नाम हटना केवल वोट नहीं, अधिकारों का सवाल है। मतदाता सूची से किसी नागरिक का नाम हटना केवल उसके मतदान के अधिकार को प्रभावित नहीं करता, यह उसके जीवन, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारों को भी प्रभावित कर सकता है।
मतदाता सूची से नाम हटने से नागरिक खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा, रोजगार और शिक्षा जैसे मूलभूत अधिकारों से वंचित हो सकते हैं। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रभावित हो सकता है, जिससे गरीब, मजदूर, किसान, महिला, विद्यार्थी और वंचित वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
SIR की प्रक्रिया से पूर्व की मार्च 2024 की मतदाता सूची को ही मान्य माना जाए। SIR की प्रक्रिया के बाद हुए राज्य चुनावों में गठित सरकारों की वैधता को चुनौती दी जाए, तथा चुनाव आयोग के वर्तमान गठन एवं नियुक्ति प्रक्रिया को अवैध घोषित कर उसे रद्द किया जाए।
उन्होंने कहा, मतदाता सूची केवल चुनाव का दस्तावेज नहीं है; यह नागरिकता, पहचान और अधिकारों तक पहुंच से जुड़ा महत्वपूर्ण आधार भी है। इसलिए किसी भी योग्य नागरिक का नाम बिना पारदर्शिता, सूचना और सुधार के अवसर के हटाना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता, जनता को सूचना देना और प्रभावित नागरिकों को सुनने तथा सुधार का अवसर देना आवश्यक है। मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की मनमानी या अपारदर्शिता लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी चिंता व्यक्त की गई। प्रतिभागियों का कहना था कि चुनाव आयोग को संविधान के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष और जवाबदेह रहना चाहिए। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि चुनाव आयोग संविधान की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने वाला संस्थागत ढांचा है। इसलिए इसके गठन, नियुक्ति प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और जवाबदेही में पूरी पारदर्शिता आवश्यक है।
मांग की गई कि चुनाव आयोग को किसी सत्ताधारी दल या सरकार के प्रभाव से मुक्त रखा जाए। आयुक्तों की नियुक्ति एक स्वतंत्र, संवैधानिक और संतुलित प्रक्रिया से हो, जिसमें विपक्ष की भागीदारी तथा न्यायिक निगरानी सुनिश्चित हो। बैठक में कहा गया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है, क्योंकि निष्पक्ष चुनाव ही जनता की इच्छा को सत्ता में बदलने का माध्यम है।
आम नागरिकों को ही लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करनी होगी। उन्होंने कहा कि संविधान, स्वतंत्र चुनाव, मतदाता सूची और संवैधानिक संस्थाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। जब मतदाता सूची में अस्पष्टता हो, चुनाव आयोग की स्वतंत्रता पर संदेह हो या संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी हो, तो लोकतंत्र की नींव कमजोर होती है।
इस मार्च से मतदाता सूची, SIR, चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, संविधान की रक्षा और नागरिक अधिकारों को जन-जन तक पहुँचाने के साथ ही राज्यभर में जन-जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की गई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें